बलिया (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां गंगा नदी में स्नान के दौरान सेल्फी लेने की कोशिश चार मासूम किशोरों की जान पर भारी पड़ गई। यह घटना शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के शिवरामपुर घाट की है, जहां रविवार सुबह मुंडन संस्कार में शामिल होने आए परिवारों के बीच यह हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, सभी बच्चे फेफना थाना क्षेत्र के मटिही कल्याणपुर गांव से अपने रिश्तेदार के यहां मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। रस्मों के बाद सभी किशोर गंगा नदी में स्नान करने पहुंचे। इसी दौरान वे मोबाइल से सेल्फी लेने लगे। अचानक एक किशोर का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीन किशोर भी एक-एक कर नदी की तेज धारा में बह गए। हादसे में जान गंवाने वाले चारों बच्चे आपस में रिश्तेदार थे। इनमें दो सगी बहनें नंदिता और हर्षिता थीं, जो रामपुर भोज गांव की रहने वाली थीं। जबकि दो अन्य किशोर अरुण और अर्जुन उनके रिश्तेदार बताए गए हैं। सभी के नाबालिग होने से परिवारों में कोहराम मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और मछुआरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद चारों शव बरामद किए गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिए। इस हादसे ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया है। ईएमएस / 03 मई 2026