क्षेत्रीय
03-May-2026


गुना (ईएमएस) ।शहर के व्यस्त क्षेत्र सिंह टॉवर के पास रविवार देर शाम एक कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और महज 15 मिनट के भीतर कार अंदर से जलकर पूरी तरह खाक हो गई। घटना के समय कार में सवार परिवार ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। जानकारी के अनुसार कार क्रमांक एमपी 09 सीएफ 2366 सिंह टॉवर के पास खड़ी थी, तभी उसमें से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग भड़क उठी। इंदौर निवासी वाहन मालिक पांडे ने बताया कि वे परिवार सहित दर्शन कर लौट रहे थे और शाम को गुना पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक कार में आग लग गई। उन्होंने बताया कि गाड़ी सीएनजी थी और आग इतनी तेजी से फैली कि संभलने का मौका ही नहीं मिला। घटना के समय कार में दो बच्चों सहित पति-पत्नी सवार थे, जिन्होंने तुरंत गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और स्थानीय लोगों ने शुरुआती प्रयास कर आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।-सीताराम नाटानी