इन्दौर (ईएमएस) संपूर्ण सोडाणी डायग्नोस्टिक की फाउंडर डॉ. साधना सोडाणी के मुख्य आतिथ्य में कला कुंभ आर्ट गैलरी, सुखलिया में मालवा की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और मालवी लोक शैली के निर्गुण गायन को समर्पित अनहद गूंज कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यशाला में प्रतिभागियों को लोक संगीत के माध्यम से आत्म-अनुभूति, साधना और चिंतन का अनूठा अनुभव प्राप्त हुआ। इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने इस प्रकार की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गतिविधियों को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया तथा आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। कार्यशाला में इंदौर के वरिष्ठ लोक गायक तारा सिंह डोडवे (डॉ. साहब) द्वारा निर्गुण लोक गायन का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के दौरान सत्संग, चिंतन, संवाद एवं तन-मन की स्थिरता से जुड़ी गतिविधियां भी हुईं। आयोजन में प्रमुख रूप से कैलाश सोनी (संस्थापक कलाकुंभ फोटोग्राफी क्लब एवं वरिष्ठ छायाकार), तारा सिंह डोडवे (कबीर लोक गायक एवं समाज सुधारक) एवं दिग्विजय सिंह सिसोदिया (समाजसेवी एवं शिक्षाविद्) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आनंद पुरोहित/ 03 मई 2026