:: उज्जैन रोड के ढाबों पर दी दबिश, कलेक्टर के निर्देश पर शहर भर में हुई कार्रवाई :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में अवैध शराब के क्रय-विक्रय और भंडारण के खिलाफ कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर आबकारी विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत रविवार को इंदौर-उज्जैन रोड स्थित विभिन्न ढाबों पर छापामार कार्रवाई की गई, जिसमें अवैध मदिरा परोसने और बेचने के कुल 06 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में कंट्रोल रूम और उड़नदस्ता टीम ने यूनिक ढाबा, भगवती ढाबा और मेट्रो ढाबा सहित अन्य संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान ढाबों पर अवैध रूप से मदिरा परोसते पाए जाने पर आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मदिरा दुकानों के आसपास और ढाबों पर अवैध रूप से शराब परोसने वालों के विरुद्ध यह विशेष चेकिंग अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान डिप्टी कंट्रोलर मनोज कुमार अग्रवाल, उड़नदस्ता प्रभारी अधिकारी कमलेश सोलंकी और आबकारी उपनिरीक्षक त्रिअंबिका शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। प्रकाश/03 मई 2026