:: डॉ. यादव ने महू में विद्यार्थियों को बांटे प्लेसमेंट प्रमाण-पत्र, बोले- प्रदेश में 10 हजार स्टार्टअप पंजीकृत :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार राज्य में स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। वर्तमान में प्रदेश में 10 हजार स्टार्टअप धारकों ने अपना पंजीयन कराया है, जिन्हें सरकार द्वारा प्रतिमाह स्टाइफंड भी प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री रविवार को इंदौर के महू स्थित सुशीला देवी बंसल कॉलेज में आयोजित प्लेसमेंट प्रोग्राम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न कंपनियों में चयनित विद्यार्थियों को प्लेसमेंट प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने औद्योगिक समिट का उल्लेख करते हुए कहा कि बाहरी कंपनियों को निवेश के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि प्रदेश के युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री एक शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने विद्यार्थियों से ब्रह्मांड, गुरुत्वाकर्षण और विज्ञान से जुड़े प्रश्न किए, वहीं युवाओं ने भी उद्योग और नवाचार पर अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं। मुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे स्वयं को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि मनन और चिंतन के साथ नए नवाचार करें। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक उषा ठाकुर सहित कॉलेज प्रबंधन के सदस्य उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कॉलेज परिसर में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों के वैज्ञानिक मॉडलों की सराहना की। कॉलेज के सचिव सुनील बंसल ने बताया कि प्रदेश में औद्योगिक विकास के कारण ही अधिकांश विद्यार्थियों का चयन स्थानीय कंपनियों में हो रहा है, जो राज्य सरकार की नीतियों की सफलता का परिचायक है। प्रकाश/03 मई 2026