क्षेत्रीय
03-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं, जिसे राज्य में प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ नए मंत्रियों के चयन को लेकर विस्तार से चर्चा की है। पार्टी नेतृत्व की सहमति के बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। दिल्ली प्रवास के दौरान सम्राट चौधरी ने कई वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की। इनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह , वित्त मंत्री निर्मला सीता रमण और रेल मंत्री अश्वीनी वैष्णव शामिल हैं। इन बैठकों में बिहार के विकास, प्रशासनिक मजबूती और राजनीतिक रणनीति जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर जानकारी दी कि उन्होंने अमित शाह से मुलाकात कर राज्य की सुरक्षा, सुशासन और समग्र विकास से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरे को बिहार की राजनीति में संभावित बदलाव और नए चेहरों की एंट्री के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है। ईएमएस / 03 मई 2026