कटिहार, (ईएमएस)। कटिहार जिला नगर पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए नशा देकर छिनतई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके पास से एक मोटरसाइकिल और नकद राशि भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, नगर थाना कांड संख्या 494/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। यह मामला अनवरल (45 वर्ष) द्वारा दर्ज कराया गया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें और उनकी पुत्री को नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया और उनकी पुत्री के कान से सोने की बाली छीन ली। जांच के दौरान तकनीकी और मानव स्रोतों की मदद से पुलिस ने इस घटना में शामिल दो अपराधियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों में मो. साहिल (24 वर्ष) और रंजीत साह (43 वर्ष) शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 1 मोटरसाइकिल तथा 7,000 रुपये नकद बरामद किया है। दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ पहले भी विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। संतोष झा- ०३ मई/२०२६/ईएमएस