मोतिहारी, (ईएमएस)। बिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्प्रीट तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी के मेहसी थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो गाड़ी से लगभग 200 लीटर अवैध स्प्रीट बरामद किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि तस्करी के नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध शराब और उससे जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। बरामद स्प्रीट का उपयोग अवैध शराब बनाने में किया जाना था। फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संतोष झा- ०३ मई/२०२६/ईएमएस