क्षेत्रीय
03-May-2026
...


सीसीटीवी, कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों से खुली परतें एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी बालाघाट (ईएमएस). जिले के भरवेली थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि बालिका को मानसिक रूप से प्रताडि़त कर आत्मघाती कदम उठाने के लिए उकसाया गया था। पुलिस के अनुसार घटना 26-27 अप्रैल की दरमियानी रात की है, जब नाबालिग बालिका अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। अगले दिन 27 अप्रैल की सुबह उसका शव हीरापुर क्षेत्र में एक पुल के पास फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भरवेली सहित पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। एफएसएल टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद मर्ग कायम कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम जिला अस्पताल बालाघाट में कराया गया, जिसमें डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण फांसी लगने से श्वासावरोध बताया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों और स्थानीय गवाहों के बयान दर्ज किए, साथ ही सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि घटना की रात आरोपी लवकुश कोहरे और अजीत बाहेश्वर बालिका को मोटरसाइकिल से अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद यह घटना घटित हुई। पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि आरोपियों द्वारा बालिका को मानसिक रूप से प्रताडि़त कर आत्महत्या के लिए उकसाया गया। इस आधार पर थाना भरवेली में अपराध क्रमांक 119/26 के तहत मामला दर्ज कर एक आरोपी लवकुश पिता गणेश कोहरे निवासी ग्राम धनसुआ को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रकरण में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने बताया कि मामले के हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच जारी है। भानेश साकुरे / 03 मई 2026