:: क्लीन इंदौर, सेव वाटर साइक्लोथान में महापौर ने खुद चलाई साइकिल, नागरिकों को दिलाई जल बचाने की शपथ :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता में लगातार देश का सिरमौर रहने के बाद अब इंदौर ने जल संरक्षण और संवर्धन में भी नंबर वन बनने का संकल्प लिया है। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत रविवार सुबह नेहरू स्टेडियम से क्लीन इंदौर, सेव वाटर साइक्लोथान का आयोजन किया गया। इसमें महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्वयं साइकिल चलाकर शहरवासियों को जल बचाने का संदेश दिया और बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं व नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। महापौर भार्गव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रीन इंदौर, क्लीन इंदौर, क्लीन वॉटर के संकल्प को सिद्ध करने के लिए जन-भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने चिंता जताई कि शहर की बढ़ती आबादी के कारण पानी की मांग बढ़ रही है, जबकि भूजल स्तर नीचे गिर रहा है। उन्होंने नागरिकों से घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की अपील की। महापौर ने यह भी रेखांकित किया कि इंदौर देश में महंगे पानी का उपयोग करने वाले शहरों में दूसरे स्थान पर है, इसलिए पानी की हर बूंद को सहेजना जरूरी है। महापौर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चल रहे प्रदेशव्यापी जल गंगा संवर्धन अभियान का आभार मानते हुए कहा कि इसके माध्यम से नदियों, तालाबों और जल स्रोतों के पुनर्जीवन का ऐतिहासिक कार्य हो रहा है। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए नागरिकों से फीडबैक देने की भी अपील की। साइक्लोथान नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर जीपीओ, राजीव गांधी चौराहा, मानिक बाग, कलेक्टर चौराहा और सपना संगीता होते हुए वापस स्टेडियम पर संपन्न हुई। इस अवसर पर जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा, अपर आयुक्त आशीष पाठक सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे। प्रतिभागियों को टी-शर्ट और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रकाश/03 मई 2026