राष्ट्रीय
04-May-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। आम आदमी पार्टी (आप) का दामन छोड़कर हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने अपने खिलाफ पंजाब में दर्ज हुई प्राथमिकियों (एफआईआर) को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। संदीप पाठक ने स्पष्ट किया है कि उन्हें अभी तक इन एफआईआर की कोई भी आधिकारिक प्रति या औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने इस कार्रवाई को सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करार देते हुए कहा कि वह एफआईआर के दस्तावेजों को देखने के बाद ही विस्तार से अपनी बात रखेंगे। दिल्ली आईआईटी के पूर्व प्रोफेसर रहे संदीप पाठक को राजनीति में कुशल रणनीतिकार माना जाता है। उन्हें 2022 के पंजाब विधानसभा चुनावों में आप की ऐतिहासिक जीत का मुख्य सूत्रधार और पार्टी संगठन को मजबूत करने वाला चेहरा माना जाता था। एक समय अरविंद केजरीवाल के बेहद भरोसेमंद रहे पाठक पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव और पीएसी के महत्वपूर्ण सदस्य भी थे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, कल से खबरें चल रही हैं कि मेरे खिलाफ पंजाब में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। यदि सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर ऐसा किया गया है, तो मैं इसके कानूनी पहलुओं को समझने के बाद ही जवाब दूंगा।संदीप पाठक ने अपने राजनीतिक भविष्य और कार्यशैली पर बात करते हुए कहा कि वे भले ही अब नई पार्टी में हैं, लेकिन उनके काम करने का तरीका नहीं बदलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस तरह उन्होंने आप में रहते हुए नीति और धर्म का पालन किया, उसी तरह वे भाजपा में भी सत्यनिष्ठा के साथ काम करेंगे। पाठक ने कहा, मेरे लिए राजनीति में सफलता या असफलता गौण है। सबसे महत्वपूर्ण यह सुनिश्चित करना है कि मैं अपने राजनीतिक धर्म से समझौता न करूं। जो लोग मुझे जानते हैं, उन्हें पता है कि मैं सिद्धांतों पर चलने वाला व्यक्ति हूं। पार्टी छोड़ने के कारणों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि यह निर्णय व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि सैद्धांतिक मतभेदों के कारण लिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के मूल सिद्धांतों और वास्तविक कार्यशैली में पिछले काफी समय से अंतर आ गया था, जिसके चलते राहें अलग करना जरूरी हो गया था। गौरतलब है कि संदीप पाठक उन सात राज्यसभा सांसदों में शामिल हैं जिन्होंने हाल ही में पाला बदला है। उनके खिलाफ पंजाब पुलिस ने गैर-जमानती धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं, जिसकी जांच के लिए पुलिस की एक टीम दिल्ली भी पहुंची थी। वीरेंद्र/ईएमएस/04मई 2026