राष्ट्रीय
04-May-2026


-वोट शेयर में बढ़त से सीटों में बड़ा इजाफा, टीएमसी को नुकसान के संकेत कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल रहा है। 293 सीटों पर जारी मतगणना के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ती नजर आ रही है, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पिछड़ती दिख रही है। रुझानों के मुताबिक भाजपा 198 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि टीएमसी 88 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। एक सीट फालता पर 21 मई को पुनर्मतदान प्रस्तावित है। वोट शेयर की बात करें तो भाजपा को लगभग 45 प्रतिशत और टीएमसी को करीब 42 प्रतिशत वोट मिलते दिख रहे हैं, जो मुकाबले को दिलचस्प बनाता है। राज्य की प्रमुख सीट भवानीपुर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं नंदीग्राम से चर्चित नेता सुवेंदु अधिकारी पीछे चल रहे हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनाव प्रचार से चर्चित झाड़ग्राम क्षेत्र की चारों सीटों झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम पर भाजपा बढ़त बनाए हुए है। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो भाजपा को इस चुनाव में लगभग 6 प्रतिशत वोट शेयर की अतिरिक्त बढ़त मिलती दिख रही है। 2021 के विधानसभा चुनाव की तुलना में यह बढ़त सीटों में बड़े इजाफे के रूप में सामने आ रही है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार भाजपा को करीब 121 सीटों का फायदा होता नजर आ रहा है, जो राज्य की सत्ता में बड़े बदलाव का संकेत है। वीवीपीएटी पर्चियां कूड़े में मिलीं चुनाव आयोग की सफाई एक तरफ मतगणना जारी है वहीं दूसरी ओर, चुनाव के दौरान पारदर्शिता को लेकर उठे सवालों पर भी प्रशासन ने प्रतिक्रिया दी है। पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कूड़े में मिली वीवीपीएटी पर्चियों के मामले पर कहा कि यह पर्चियां मॉक पोल की हैं और इनका वास्तविक मतदान से कोई संबंध नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच जारी है। फिलहाल सभी की नजरें अंतिम नतीजों पर टिकी हैं। हिदायत/ईएमएस 04मई26