इन्दौर (ईएमएस)। नवग्रह जिनालय में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला और भगवान की पांच चांदी की मूर्तियां, चार अष्ट धातु की मूर्तियां, 2 शांति धारा और 28 कलश, एक छत्र पांडू शिला और कई बर्तन चुरा ले गए। घटना एरोड्रम थाना क्षेत्र के सुपर कॉरिडोर स्थित ग्रेटर बाबा जैन मंदिर की है और घटना की जानकारी आज तड़के मंदिर में चौकीदारी और सफाई का काम करने वाले कर्मचारी को पता चली इसके बाद उसने स्थानीय लोगों और जैन समाज के सदस्यों को सूचना दी गई, उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस के अनुसार अज्ञात चोर मंदिर में घुसकर भगवान की चांदी की मूर्तियां और अन्य सामान चुरा ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। एरोड्रम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, चोर रात 2.18 बजे मंदिर में घुसे और 42 मिनट तक मंदिर में रहने के बाद 3 बजे वहां से भाग गए। बताया जा रहा है कि चोरों ने इसके पहले मंदिर की रेकी भी की थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश रात करीब 3 बजे बाइक से मंदिर पहुंचे थे। इनमें से एक आरोपी दीवार फांदकर अंदर घुसा और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। - 04 मई 2026