क्षेत्रीय
04-May-2026
...


दंतेवाड़ा (ईएमएस)। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के तोडमा गांव के घने जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियारों का जखीरा बरामद किया गया। यह कार्रवाई CRPF की 195वीं बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर की। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, INSAS और SLR के जिंदा राउंड, ग्रेनेड से जुड़ा सामान, जिलेटिन, सेफ्टी फ्यूज वायर और संचार उपकरण बरामद किए। इसके अलावा एक भरमार राइफल, वायरलेस सेट, बैटरियां और नक्सली साहित्य भी जब्त किया गया है। सुरक्षा बलों के अनुसार यह विस्फोटक सामग्री किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखी गई थी। इस कार्रवाई को नक्सलियों के कमजोर पड़ते नेटवर्क का संकेत माना जा रहा है। लगातार समर्पण और सुरक्षा बलों के दबाव के चलते अब छिपे हुए हथियार और नेटवर्क धीरे-धीरे उजागर हो रहे हैं। ऑपरेशन के बाद सभी जवान सुरक्षित लौट आए हैं। बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। - (ईएमएस) 04 मई 2026