एनडीए की वापसी के संकेत गुवाहाटी,(ईएमएस)। असम में सत्ता की चाबी किसके हाथ लगेगी, इसका फैसला आज होने जा रहा है। राज्य की 126 विधानसभा सीटों के लिए सुबह 8 बजे जैसे ही मतगणना शुरू हुई, शुरुआती रुझानों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) स्पष्ट रूप से बहुमत के आंकड़े को पार करता दिख रहा है। शुरुआती रुझानों में भाजपा 101 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिससे राज्य में लगातार तीसरी बार कमल खिलने की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं। विधानसभा की 126 सीटों पर किस्मत आजमा रहे 722 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला आज 35 जिलों में बने 40 मतगणना केंद्रों पर हो रहा है। वीआईपी सीटों की बात करें तो मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा अपनी सीट पर मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, कांग्रेस के लिए शुरुआती रुझान झटके देने वाले रहे हैं; जोरहाट सीट से गौरव गोगोई और अन्य प्रमुख सीटों पर बिदिशा नियोग जैसे दिग्गज उम्मीदवार पीछे चल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री सरबानंदा सोनोवाल ने रुझानों पर खुशी जताते हुए कहा कि परिणाम उम्मीद के मुताबिक ही आ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक बार फिर सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन के दम पर जनता ने पुनः भाजपा पर भरोसा जताया है। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। मतगणना केंद्रों और ईवीएम स्ट्रांगरूम की सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 25 कंपनियों को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, राज्य सशस्त्र पुलिस की 93 कंपनियां कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न जिलों में मुस्तैद हैं। गौरतलब है कि असम में 9 अप्रैल को हुए मतदान में जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था और कुल 85.96 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी। इस चुनाव में कांग्रेस ने सबसे अधिक 99 उम्मीदवार मैदान में उतारे थे, जबकि भाजपा ने 90 सीटों पर चुनाव लड़ा था। अब जबकि मतगणना जारी है, असम की क्षेत्रीय आकांक्षाओं, पहचान और कल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव नतीजों में साफ झलक रहा है। वीरेंद्र/ईएमएस/04मई 2026