* पिछले वर्ष की तुलना में जल स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि, सरदार सरोवर में 72% से अधिक पानी उपलब्ध अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में इस वर्ष मानसून के दौरान सामान्य से अधिक और व्यापक वर्षा के कारण राज्य के प्रमुख जलाशयों में पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण हुआ है। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के मार्गदर्शन और जल संसाधन मंत्री ईश्वरसिंह पटेल के नेतृत्व में जल संचयन के प्रभावी प्रबंधन से राज्य में पीने और सिंचाई के पानी की उपलब्धता लगातार बढ़ रही है। राज्य में इस वर्ष मानसून के दौरान औसतन 128 प्रतिशत से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। इसके परिणामस्वरूप, 3 मई 2026 की स्थिति के अनुसार राज्य के मुख्य जलाशयों में कुल जल भंडारण 59.75 प्रतिशत यानी 5.32 लाख मिलियन क्यूबिक फीट (एमसीएफटी) तक पहुँच गया है। पिछले वर्ष की तुलना में यह लगभग 9.04 प्रतिशत अधिक है। वहीं, गुजरात की जीवनरेखा मानी जाने वाली सरदार सरोवर परियोजना में भी जल भंडारण में 12.18 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान में सरदार सरोवर जलाशय में 72.33 प्रतिशत यानी 2.41 लाख एमसीएफटी से अधिक पानी उपलब्ध है। क्षेत्रवार स्थिति पर नजर डालें तो मध्य गुजरात में सबसे अधिक 59.52 प्रतिशत (49,338 एमसीएफटी) जल भंडारण दर्ज किया गया है। इसके अलावा दक्षिण गुजरात में 54.13 प्रतिशत, उत्तर गुजरात में 49.11 प्रतिशत, सौराष्ट्र में 43.45 प्रतिशत और कच्छ क्षेत्र में 37.12 प्रतिशत पानी संग्रहित है। यदि पिछले वर्ष 3 मई 2025 की स्थिति से तुलना करें, तो उस समय उत्तर गुजरात में 32.35 प्रतिशत, मध्य गुजरात में 49.09 प्रतिशत, दक्षिण गुजरात में 51.05 प्रतिशत, सौराष्ट्र में 32.45 प्रतिशत और कच्छ में 33.61 प्रतिशत जल भंडारण था। उस समय सरदार सरोवर में 60.15 प्रतिशत यानी 2 लाख एमसीएफटी से अधिक पानी उपलब्ध था। कुल मिलाकर, पिछले वर्ष राज्य में 50.71 प्रतिशत (4.52 लाख एमसीएफटी) जल भंडारण था, जबकि इस वर्ष यह बढ़कर 59.75 प्रतिशत (5.32 लाख एमसीएफटी) तक पहुँच गया है, जो राज्य के लिए एक सकारात्मक संकेत है। सतीश/04 मई