नोएडा (ईएमएस)। ग्रेटर नोएडा के बीटा-दो थाने की पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया जिसके खिलाफ लूट व हत्या के प्रयास जैसे कई आपराधिक केस दर्ज किया गया हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अपर पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) सुधीर कुमार का कहना है कि बीटा-दो थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ रविवार देर रात गश्त पर थे, तभी सूचना मिली कि कुछ बदमाश लूटपाट की नीयत से मोटरसाइकिल पर इलाके में घूम रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने अवरोधक लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। देर रात सेक्टर गामा-दो के गेट नंबर तीन के पास दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर आते दिखे, जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई और एक बदमाश सोनू श्रीवास्तव पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। कुमार ने बताया कि सोनू का साथी मोनू मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी तमंचा, कारतूस, लूटी गई सोने की चेन और अपराध में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, सोनू के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास और चोरी सहित विभिन्न धाराओं में 14 केस दर्ज हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/04/मई /2026