राज्य
04-May-2026
...


छत्रपति शिवाजी पर की गई टिप्पणी का मामला जबलपुर (ईएमएस)। जिले के नुनसर चौकी क्षेत्र में उस समय तनाव की स्थिति निर्मित हो गई, जब समस्त जबलपुर कुर्मी क्षत्रिय समाज, ओबीसी महासभा, एससी एसटी समुदाय ने एकजुट होकर चौकी का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कथित रूप से धीरेन्द्र शास्त्री द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज पर की गई टिप्पणियों का ग्राम लुहारी (सूखा) निवासी अविनाश पटेल ने भी वीडियो के माध्यम अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर विरोध जताया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उक्त प्रतिक्रिया पर अविनाश पर कुछ सामंतवादी मानसिकता के लोगों द्वारा झूठी शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर नुनसर चौकी प्रभारी विपिन तिवारी ने बिना निष्पक्ष जांच के कार्रवाई करते हुए अविनाश को घर से उठा लिया। इस घटनाक्रम से समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। कुर्मी समाज के लोगों ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति के खिलाफ अन्याय नहीं, बल्कि पूरे समाज की गरिमा पर आघात है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच कर न्याय नहीं दिया गया, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग चौकी परिसर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि अब वे संगठित होकर हर प्रकार के अन्याय का विरोध करेंगे और अपनी आवाज को दबने नहीं देंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एड इंद्र कुमार पटेल, कुर्मी क्षत्रिय समाज जिला अध्यक्ष कुर्मी विवेक चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विवेक पटेल, राजकिशोर पटेल, अविनाश पटेल, निशांत पटेल, मनोज पटेल, आशीष पटेल, मिथलेश ठाकुर, धीरज ठाकुर, गोविंद पटेल, आयुष पटेल, राम पटेल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सुनील साहू / मोनिका / 04 मई 2026/ 04.02