राज्य
04-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस ने मंडावली इलाके में एक एटीएम मशीन को गैस कटर से काटकर 19 लाख रुपये से अधिक की चोरी करने के मामले में राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि पकड़ा गया आरोपी कुख्यात इमरान मेवाती गिरोह का सदस्य है। दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी है कि आरोपी की पहचान हरियाणा के पलवल निवासी रॉबिन (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से अपराध में इस्तेमाल की गई कार और चोरी की गई नकदी में से 22,500 रुपये बरामद किए हैं। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पंकज कुमार ने कहा कि हिटाची पेमेंट्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कानूनी सलाहकार गौरव बैसला की शिकायत पर मंडावली फज़लपुर थाने में 30 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पश्चिम विनोद नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में 29 अप्रैल को 22 लाख रुपये डाले गए थे और ग्राहकों की निकासी के बाद मशीन में 19,32,600 रुपये शेष थे। इसमें आरोप लगाया है कि 29 और 30 अप्रैल की दरमियानी रात करीब तीन बजे अज्ञात बदमाशों ने गैस कटर से मशीन काटकर यह रकम उड़ा ली। कुमार ने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाने पर पता चला कि इमरान अपने साथियों रॉबिन और भूरा के साथ इस वारदात में शामिल था। उन्होंने बताया कि, तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस ने आरोपी रॉबिन का पता लगाया और राजस्थान के भरतपुर में जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उनके मुताबिक, पूछताछ के दौरान रॉबिन ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह पेशे से चालक है और आर्थिक तंगी के कारण वह अपने गांव के ही इमरान मेवाती के संपर्क में आया, जिसने उसे एटीएम चोरी में बड़े मुनाफे का लालच दिया था। उसने कहा कि 29 अप्रैल को इमरान, भूरा और उसने साजिश रची और दिल्ली आकर वारदात को अंजाम दिया तथा पकड़े जाने से बचने के लिए उन्होंने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए थे। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी इमरान मेवाती एक अंतर्राज्यीय अपराधी है, जो भारत के विभिन्न राज्यों में एटीएम चोरी और मशीन काटने के 25 से अधिक मामलों में शामिल रहा है। फरार आरोपियों को पकड़ने के प्रयास और आगे की जांच जारी है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/04/मई /2026