सारंगपुर (ईएमएस)। थाना क्षेत्र में गौवंश वध के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार, पिछले 10 दिनों से क्षेत्र में गौवंश वध से संबंधित लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी के निर्देशन में थाना लीमाचौहान एवं साइबर टीम द्वारा निगरानी और रेकी की जा रही थी। इसी दौरान रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि अकोदिया नाका क्षेत्र के पास एक सुनसान खेत में कुछ लोग गौवंश वध कर अवशेष बेचने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पटेल वाड़ी के पीछे जंगल क्षेत्र में दबिश दी। मौके पर गौवंश के अवशेष मिले। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, जिनका पीछा किया गया। करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम जाकिर (40 वर्ष) निवासी बाहरी वाड़ा, मुकेर वाड़ी सारंगपुर बताया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के रूप में आमीन (निवासी पटेल वाड़ी) एवं जाकिर (निवासी कंजर मोहल्ला, देवास) के नाम बताए, जो मौके से फरार हो गए। आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर पुलिस ने मेहबूब उर्फ लंगड़ा एवं जफर उर्फ भाइयों (दोनों निवासी बड़ा कसाई बाड़ा, सारंगपुर) को भी गिरफ्तार कर प्रकरण में शामिल किया। मौके से बरामद सामग्री: पुलिस ने घटनास्थल से गौवंश के अवशेष, धारदार हथियार (छुरी, बक्का, कुल्हाड़ी, फावड़ा) तथा एक मोटरसाइकिल (होंडा सीबी 100) जब्त की है। सभी सामग्री को विधिवत सीलबंद किया गया। आरोपियों के खिलाफ म.प्र. गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 9 एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार आरोपियों आमीन एवं जाकिर (पिता अजीज खां) की तलाश जारी है। नरेन्द्र जैन / 4 मई /2026