क्षेत्रीय
04-May-2026
...


गुना (ईएमएस) ।शहर के वार्ड क्रमांक 3 स्थित त्रिमूर्ति कॉलोनी, कर्नलगंज क्षेत्र में एक फीमेल कुत्ते को बेरहमी से पीट-पीटकर मारने और बाद में उसे रस्सी से बांधकर गाड़ी से घसीटते हुए ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूरी घटना क्षेत्र में लगे सीसीटीव्ही कैमरों में कैद हो गई है, जिसके सामने आने के बाद स्थानीय रहवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। जानकारी के अनुसार मोहल्ले के लोगों ने कोतवाली थाना में आवेदन देकर बताया कि गली में रहने वाला एक युवक लंबे समय से कुत्तों के प्रति आक्रोशित था और उन्हें मारने की बात करता रहता था। आरोप है कि गत रात करीब 11:10 बजे युवक खाना लेकर बाहर आया और पीछे डंडा छिपाकर रखा। जैसे ही कुत्ते खाने के लिए पास आए, उसने अचानक उन पर हमला कर दिया। अधिकांश कुत्ते मौके से भाग निकले, लेकिन एक बीमार फीमेल कुत्ता उसकी चपेट में आ गया। बताया गया कि युवक ने कुत्ते को लगातार डंडों से पीटा, जिससे वह तड़पता रहा और आखिरकार उसकी मौत हो गई। इसके बाद भी उसने कुत्ते पर पानी डालकर यह देखने की कोशिश की कि वह जिंदा है या नहीं। घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने खून को पानी से धो दिया। बाद में युवक ने मृत कुत्ते को रस्सी से बांधकर गाड़ी के पीछे घसीटते हुए ले गया। इस अमानवीय घटना को लेकर फरियादिया हार्दिका जैन ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इसे पशु क्रूरता का गंभीर मामला बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में हिंसक प्रवृत्तियों को बढ़ावा देती हैं। फिलहाल पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर आरोपों की पुष्टि की जा रही है।-सीताराम नाटानी