क्षेत्रीय
04-May-2026
...


सिग्नल एप के जरिये अमेरिका में बैठे हैरी बॉक्सर से होता है गुर्गो का संपर्क - दो माह में एमपी के अशोकनगर, खरगोन इंदौर, भोपाल सहित अन्य जिलों में हुई 10 एफआईआर - लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी, फिरौती मांगने और फायरिंग करने के है सभी मामले - छह मामलो की जांच कर रही है एसटीएफ भोपाल(ईएमएस)। फिरौती के लिए लोगों को धमकाने, वसूली व अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाला लॉरेंस बिश्नोई का नेटवर्क मध्य प्रदेश में चार स्तर में काम कर रहा है। प्रदेश के अलग-अलग शहरो में बीते दिनों सामने आए करीब 10 मामलों की जांच में सामने आया है, कि पहले स्तर पर बिश्नोई का खास गुर्गा हैरी बॉक्सर है। बताया जाता है कि वह अमेरिका में रह रहा है। दूसरे स्तर पर फाइनेंस करने व समन्वय बनाने वाले हैं। तीसरे स्तर पर वे लोग हैं, जो दूसरे राज्य से आकर फायरिंग या दहशत फैलाने का काम करते हैं। इनमें भी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अपराधी अधिक हैं। और चौथे स्तर पर रेकी कर वीडियो बनाने वाले हैं। रेकी करने और घर का वीडियो बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर आपराधिक प्रवृत्ति के युवाओं की तलाश की जाती है। जिन्हें काम के ऐवज में हजारो रुपये दिए जाते हैं। - एसआईटी ने की थी गिरफ्तारियां गौरतलब है की राजधानी भोपाल में एक रियल एस्टेट कारोबारी के घर का वीडियो बनाकर, धमकाने और 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में मध्य प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा गठित एसआइटी ने तीन आरोपियो को दबोचा है। इनमें मुख्य आरोपित बांदा का ही रहने वाला आनंद मिश्रा, वीडियो बनाने वाला उत्तर प्रदेश के बांदा का निर्मल तिवारी और राजस्थान के बीकानेर का निवासी जेपी डारा हैं। डारा के खिलाफ 18 संगीन मामले दर्ज हैं। वह पूरे नेटवर्क में फाइनेंसर की भूमिका में था। डारा को 25 अप्रैल और बाकी दोनों को 27 अप्रैल तक रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा चुकी है। - सिग्नल ऐप के जरिये हैरी बॉक्सर से होता है संपर्क मध्य प्रदेश पुलिस की एसआइटी की जांच में सामने आया है, कि मध्य प्रदेश के अपराधों में गिरफ्तार प्रदीप शुक्ला और आनंद मिश्रा सिग्नल एप के माध्यम से सीधे हैरी बॉक्सर से बातचीत करते थे। इससे साफ हो गया कि मध्य प्रदेश में बिश्नोई का गिरोह सक्रिय है। पहले पुलिस को लग रहा था कि बिश्नोई के नाम से दूसरे अपराधी लोगों को धमका रहे होंगे। हैरी देशभर में नेटवर्क चलाने वाला मुख्य आरोपी बताया जाता है। उसका नाम हरी सिंह जाट है, पर बॉक्सर होने के चलते अपना नाम हैरी बॉक्सर लिखता है। वह वाट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज से लोगों को धमकाने का काम करता है। उल्लेखनीय है की लगभग दो माह में प्रदेश के अशोकनगर, खरगोन इंदौर, भोपाल सहित अन्य जिलों में लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी, फिरौती मांगने और फायरिंग के 10 अपराध दर्ज किए गए हैं, जिनमें छह की जांच एसटीएफ कर रही है। - जेल में पूछताछ और रेकी के सुराग गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के शूटरों से पूछताछ में पुलिस बिल्डर की रेकी करने के सुराग जुटाये है। बता दें कि बायो-कॉटन कारोबारी दिलीप सिंह राठौर के घर फायरिंग करने के मामले में गिरफ्तार नागदा के राजपाल सिंह चंद्रावत को एसआइटी ने रिमांड पर लिया था। उससे बिल्डर विवेक दम्मानी और प्रॉपर्टी ब्रोकर चेतन सिंह पंवार व कुंवर सिंह भूरिया को धमकाने का शक है। तीनों को लॉरेंस के शूटर हैरी बॉक्सर के नाम से धमकी मिल चुकी है। देवास के सीया निवासी इन तीनों आरोपियो ने ही राजपाल के इशारे पर फायरिंग की थी। जुनेद / 4 मई