-केरल में यूडीएफ का बेहतरीन प्रदर्शन, राज्य में राजनीतिक तौर-तरीकों को बदलना जरुरी तिरुवनंतपुरम,(ईएमएस)। केरल में शुरुआती रुझानों से पता चलता है कि कांग्रेस 50 से ज्यादा सीटों पर आगे है। पार्टी नेता शशि थरूर ने सोमवार को कहा कि सरकार, नीति और राज्य के पुनरुद्धार में तत्काल बदलाव की जरुरत है। थरूर ने 140 सदस्यीय विधानसभा में संयुक्त लोकतांत्रिक गठबंधन (यूडीएफ) के अच्छे प्रदर्शन पर भरोसा जताया। थरूर ने कहा कि हम बदलाव की पार्टी हैं। हम इस सरकार के दस साल के राजनीतिक तौर-तरीकों को बदलना चाहते हैं और यह बदलाव इतना जरूरी है कि इसे बदलना ही पड़ेगा। मेरे विचार से एक नई तरह की राजनीति बेहद जरुरी है। सीएम पद को लेकर उन्होंने कहा कि हम अभी इस विषय पर चर्चा नहीं करना चाहते। चुनाव परिणाम आने दीजिए। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे साहब जीतने वाले विधायकों से बात करने के लिए किसी को भेजेंगे। उसके बाद वे अपनी राय देंगे। फिर हाईकमान इसका फैसला करेगा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी शुरूआती रुझानों के मुताबिक केरल में कांग्रेस 61 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि सीपीआई (एम) 29 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। राज्य भर में मतगणना जारी रहने के दौरान, सीपीआई नौ सीटों पर, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) 22 सीटों पर और बीजेपी सिर्फ एक सीट पर आगे है। थरूर ने केरल को निवेश का स्वर्ग बनाने, रोजगार सृजित करने और पलायन रोकने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि मेरे विचार नई सरकार के लिए भी उपयोगी साबित होंगे, लेकिन मेरा संदेश निश्चित रूप से विकास का होगा, इस भयावह वित्तीय स्थिति को पूरी तरह से बदलना होगा, केरल को एक बार फिर निवेश का स्वर्ग बनाने के लिए जरुरी कार्य करना होगा, ताकि हम विकास कर सकें, अपने लोगों के लिए रोजगार सृजित कर सकें और ऐसी स्थिति को रोक सकें जहां हमारे युवा राज्य छोड़कर जा रहे हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि उनके पास अवसर नहीं हैं। सिराज/ईएमएस 04मई26