बिलासपुर (ईएमएस)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, टिकरापारा द्वारा आयोजित 10 दिवसीय उड़ान बाल संस्कार शिविर का शुभारंभ आज हार्मनी हॉल, प्रभु-दर्शन भवन में अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। शिविर के पहले दिन बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। राजयोग शिक्षिका एवं योग प्रशिक्षिका ब्रह्माकुमारी गायत्री ने शिविर के उद्देश्य एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हम केवल शरीर नहीं, बल्कि एक असीम ऊर्जा से भरपूर शक्तिशाली आत्मा हैं। उन्होंने राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से आत्मिक शांति एवं एकाग्रता प्राप्त करने का सरल अभ्यास कराया। गायत्री ने ध्यान एवं एकाग्रता बढ़ाने के लिए विशेष गतिविधियाँ भी कराईं, जिससे बच्चों ने मन को शांत रखने के महत्व को समझा। शिविर में राकेश ने बच्चों को म्यूजिकल एक्सरसाइज एवं योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ रहने के टिप्स दिए। बच्चों ने खेल-खेल में योग का भरपूर आनंद लिया। सैनिक स्कूल की संगीत शिक्षिका ममता सगदेव ने बच्चों को प्रेरणादायक एवं देशभक्ति गीत सिखाए, जिससे पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। उन्होंने देश है पुकारता, पुकारती मां भारती गीत का अभ्यास कराया। प्रथम दिन ही बच्चों को नैतिक शिक्षा, अच्छे संस्कार एवं अनुशासन का महत्व समझाया गया। साथ ही रोचक कहानियों और गतिविधियों के माध्यम से उन्हें जीवन मूल्यों की प्रेरणा दी गई। ब्रह्माकुमारी गायत्री ने बताया कि आगामी दिनों में भी विभिन्न रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। - 04 मई 2026