क्षेत्रीय
04-May-2026
...


शिवपुरी ( ईएमएस ) जिले के नरवर थाना क्षेत्र (मगरौनी चौकी) के डोंगरपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक नाती ने अपने दादा की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। 3 मई की शाम हुई इस हिंसक घटना में बीच-बचाव करने आए परिवार के 6 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी पोते और उसके माता-पिता सहित 5 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डोंगरपुर निवासी रामेश्वर रावत (40) ने पुलिस को बताया कि 3 मई की शाम करीब 7 बजे वह अपने पिता करन सिंह रावत और चचेरे भाई मनीष रावत के साथ घर के बाहर खड़े थे। तभी उनका भतीजा वीकेन्द्र रावत मंदिर की ओर से आया और पुरानी रंजिश को लेकर अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर वीकेन्द्र ने रामेश्वर को थप्पड़ मार दिया। इसी दौरान वीकेन्द्र के पिता संतोष रावत, रामकिशन रावत, देवी सिंह रावत और गयावती रावत भी लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने मिलकर रामेश्वर पक्ष पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान वीकेन्द्र ने अपने दादा करन सिंह रावत को जोर से धक्का दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपियों ने उनकी लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया इस हमले में रामेश्वर रावत, गुड्डी रावत, गोविन्दी रावत, मनीष रावत, सुल्तान सिंह और संगीत रावत घायल हो गए हैं। परिजन गंभीर रूप से घायल करन सिंह को नरवर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पोते और उसके माता-पिता सहित 5 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।