कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल में बिजलीघरों की मालगाडिय़ों के रेलवे क्रासिंग पर अटकने की समस्या बारहमासी हो जाने का आरोप लगाते हुए सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने कहा की इससे जनता परेशान है। गर्मी के मौसम में दिक्कतें वैसे भी ज्यादा है और ऐसे में मालगाडिय़ों के 2 से 3 घंटे अटकने का मतलब जनता के दुख को बढ़ाना है। सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने डीएसपीएम बिजलीघर प्रबंधन को फटकार लगाते हुए कहा हैं कि वह कोरबा के रेलवे क्रासिंग के आसपास के स्थानों को यार्ड बनाने की कोशिश न करे, अन्यथा इसके लिए आंदोलन होगा। उल्लेखनीय हैं कि विगत दिवस टी.पी. नगर रेलवे क्रासिंग पर कोयला लोड मालगाड़ी के अटकने से लगभग 3 घंटे आवागमन अवरुद्ध हो गया। एसईसीएल की परियोजना से कोयला लोड गाड़ी डीएसपीएम 500 मेगावाट बिजलीघर के लिए रवाना हुई थी। शाम 6 बजे इसने किसी तरह शारदा विहार क्रासिंग पार किया और ट्रांसपोर्ट नगर क्रासिंग पर आने के साथ अटक गई। जिसके कारण ट्रांसपोर्ट नगर से एसईसीएल, सीजीएम कार्यालय से लेकर मुड़ापार, अमरैया और वहां से शारदा विहार क्रासिंग को जाने वाला रास्ता जाम हो गया। लोगों ने टी.पी. नगर क्रासिंग से भीतर जाने के लिए विकल्प चुना लेकिन यह नाकाम रहा। मालगाड़ी के अटकने से यातायात का दबाव इन तीन रास्तों के अलावा मुख्य मार्ग पर भी रहा। ऐसे में यातायात कर्मियों को व्यवस्था संभालने में जमकर मशक्कत करनी पड़ी। सांसद श्रीमती महंत ने जनता से जुड़ी इस परेशानी को लेकर डीएसपीएम के मुख्य अभियंता को पत्र लिखकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अक्सर रेलवे क्रासिंग की चढ़ाई पर मालगाड़ी अटक जाती है और ऐसे में कई घंटे जाम लग जाता है। ऐसा होने से आम लोगों के कई काम बाधित होते हैं। बार-बार की इस समस्या का समाधान करने में विद्युत प्रबंधन उदासीन है। सांसद श्रीमती महंत ने कहा कि रेलवे फाटकों के आसपास के चौराहे को रेल यार्ड बनाने का प्रयास न किया जाए। अगर व्यवस्था में सुधार नहीं होता है तो आगे स्थिति खराब हो सकती है। - 04 मई