बिलासपुर (ईएमएस)। मजदूर दिवस के अवसर पर 1 मई को लायंस क्लब बिलासपुर स्माइल परिवार ने श्रमिकों के सम्मान एवं सेवा हेतु एक कार्यक्रम का आयोजन किया। रामा ग्रीन सिटी में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रमिक भाइयों एवं बहनों को जलेबी, समोसा, कोल्ड ड्रिंक और कपड़ों का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य का उद्देश्य मेहनतकश मजदूरों के प्रति सम्मान प्रकट करना तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना था। कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों के चेहरों पर खुशी और संतोष स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। कार्यक्रम का संयोजन क्लब अध्यक्ष रीता राजगीर ने किया। इस अवसर पर सचिव डॉक्टर सुरभि राजगीर, कोषाध्यक्ष दीप्ति साहू, अधिवक्ता पद्मजा वर्मा और अनुपमा के साथ डॉक्टर के. पी. नामदेव भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्लब के सभी सदस्यों का सहयोग रहा। लायंस क्लब इंटरनेशनल की सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए लायंस क्लब बिलासपुर स्माइल लगातार समाज के विभिन्न वर्गों के लिए सेवा कार्य करता आ रहा है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। - 04 मई 2026