राज्य
04-May-2026
...


- निगम-मंडलों के साथ प्रदेश संगठन इस महीने घोषित कर सकता है एल्डरमैन भोपाल (ईएमएस)। भाजपा द्वारा प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों का दौर शुरू होने के बाद अब नगर निगम और नगर पालिकाओं में एल्डरमैन बनाने की कवायद शुरू हो गई है। पहली सूची जल्द ही घोषित की जा सकती है, जिसमें कुछ बड़े जिलों को शामिल किया जा सकता है। इसके लिए विधायकों से नाम मांगे गए थे, जिनमें से कुछ ने अपने नाम भेज दिए हैं। ऐसे तो भाजपा दावा करती है कि काम करने वालों को ही नियुक्तियों में उपकृत किया जाता है, लेकिन आज भी सबकुछ भाजपा में विधायकों और बड़े नेताओं की सिफारिश पर ही चलता है। टिकट बंटवारे में भी विधायकों की ही खास भूमिका होती है। इसमें भी विधायक के साथ-साथ सांसद की पसंद और नापसंद का ध्यान रखा जाता है। भाजपा ने लंबे समय से स्थानीय निकायों में एल्डरमैन की नियुक्ति नहीं की है। भोपाल से इशारा मिला है कि जल्द से जल्द नगर अध्यक्षों से एल्डरमैन के नाम लेकर इसकी घोषणा कर दी जाए। कुछ विधायकों ने अपने समर्थकों के नाम एल्डरमैन के लिए नगर इकाई को सौंप दिए हैं, लेकिन नगर अध्यक्ष अभी इसका खुलासा नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि अभी विधायकों ने नाम नहीं भेजे हैं। दरअसल नामों की सूची को लेकर भी कार्यकर्ताओं में असंतोष पनप सकता है, इसलिए पार्टी चाह रही है कि सब कुछ ऊपर ही ऊपर हो जाए और विधायकों की अनुशंसा के अनुरूप सूची घोषित हो जाए। नगर स्तर पर सूची फाइनल करने की तैयारी है और अगर भेपाल की हरी झंडी मिल गई तो इस महीने इंदौर शहर को एल्डरमैन मिल जाएंगे, जिन्हें विधासनसभा स्तर पर नियुक्ति दी जाएगी। विनोद / 04 मई 26