पटना, (ईएमएस)। भागलपुर जिले में स्थित विक्रमशिला सेतु के टूटने की घटना पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राज्य सरकार को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि यह घटना सरकार की घोर लापरवाही और व्यापक भ्रष्टाचार का परिणाम है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि विक्रमशिला पुल का रख-रखाव और मेंटेनेंस की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होती है, लेकिन इस मामले में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। समय-समय पर पुल की निगरानी और मरम्मत नहीं किए जाने के कारण आज यह महत्वपूर्ण पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे लाखों लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। राजेश राम ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बने इस महत्वपूर्ण पुल का इस तरह क्षतिग्रस्त होना बेहद चिंताजनक है। यह पुल न केवल भागलपुर बल्कि पूरे सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरेखा के समान है। इसके बावजूद सरकार द्वारा इसकी समय-समय पर उचित देखरेख और गुणवत्ता की जांच नहीं कराई गई, जिसका खामियाजा आज आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विकास कार्यों के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। विक्रमशिला पुल का हिस्सा टूटना इस बात का प्रमाण है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी की गई और भ्रष्टाचार के कारण यह पुल समय से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गया। राजेश राम ने कहा कि इस घटना की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और जो भी अधिकारी, इंजीनियर या ठेकेदार दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही सरकार को तुरंत पुल की मरम्मत कराकर आम लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करनी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जनता के पैसों से बने विकास कार्य अगर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ेंगे तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी और सड़क से सदन तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी। - ०४ मई/२०२६/ईएमएस