बिलासपुर (ईएमएस)। बिलासपुर के मोपका क्षेत्र की पांच वर्षीय शानवी वस्त्रकार ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन किया है। जबलपुर में आदिदेव कला संस्थान द्वारा आयोजित अखिल भारतीय राष्ट्रीय संगीत, नृत्य एवं वाद्य प्रतियोगिता के रेवा महोत्सव में शानवी ने कत्थक नृत्य की शिशु वर्ग श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल किया। देशभर के प्रतिभागियों के बीच शानवी की एकल कत्थक प्रस्तुति में भाव-भंगिमा, तालमेल और लय का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। इतनी कम उम्र में उनकी नृत्य की शुद्धता और मंच पर आत्मविश्वास ने निर्णायक मंडल सहित सभी दर्शकों को प्रभावित किया। कार्यक्रम के आयोजक एवं निदेशक अखिलेश पटेल ने शानवी की प्रस्तुति को अत्यंत प्रभावशाली बताया। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में इस स्तर की प्रस्तुति दुर्लभ है। प्राचार्या वर्षा चौहान ने भी शानवी की सराहना की। निर्णायक मंडल में शामिल पियूष मोटघरे और अंकिता गिनारा झा ने शानवी की नृत्य शैली और भाव-प्रदर्शन को उत्कृष्ट बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस उपलब्धि से शानवी के परिजनों और स्थानीय लोगों में हर्ष का माहौल है। उनकी यह सफलता अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। - 04 मई 2026