-मंगलवार को होगा अंतिम संस्कार -सरल और अनुशासित व्यक्तित्व के रुप में जाने जाते थे लखनऊ,(ईएमएस)। यूपी के प्रयागराज से पूर्व बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी के पति पी सी जोशी का सोमवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। उन्होंने सुबह लगभग 7 बजे अंतिम सांस ली। इस संबंध में जानकारी खुद रीता बहुगुणा जोशी ने अपने एक्स अकाउंट के जरिए दी है। परिवार के मुताबिक पी सी जोशी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और एसजीपीजीआई में उनका इलाज चल रहा था। सोमवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनका निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक पी सी जोशी पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर थे। उनका विवाह 1976 में रीता बहुगुणा से हुआ था। वे अपने सरल, मिलनसार और अनुशासित व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। परिजनों ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर सोमवार देर शाम प्रयागराज लाया जाएगा। मंगलवार को प्रयागराज में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पी सी जोशी के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। शोक संदेशों में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की गई है। सिराज/ईएमएस 04मई26