15 साल के शासनकाल में सिर्फ अत्याचार किया कोलकता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों पर आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की अपेक्षित हार राज्य में हुए व्यापक भ्रष्टाचार और जनविरोधी फैसलों का सीधा परिणाम है। कबीर ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि जनता ने टीएमसी को आखिरकार जवाब दे दिया है, जो कि टीएमसी को मिलाना चाहिए था। एजेयूपी प्रमुख कबीर ने कहा, मैंने पहले ही अनुमान लगाया था कि भाजपा को टीएमसी से अधिक सीटें मिलेंगी। टीएमसी ने अपने तीन बार के कार्यकाल में सिर्फ लोगों पर अत्याचार किया, जमकर भ्रष्टाचार किया और गलत निर्णय लिए। उन्होंने राज्य में बढ़ती बेरोजगारी, खराब सड़कों, लचर शिक्षा व्यवस्था और अस्पतालों की दयनीय स्थिति का हवाला दिया, जहाँ एक बिस्तर पर तीन-तीन मरीजों का इलाज होता है। एजेयूपी कबीर के अनुसार, इन सभी विफलताओं के कारण ही टीएमसी को सत्ता से बाहर होना पड़ रहा है। भाजपा की संभावित जीत पर उन्होंने कहा कि उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, क्योंकि यह बंगाल की जनता का जनादेश है। यदि जनता ने भाजपा को वोट दिया है, तब उनकी जीत स्वाभाविक है। इस बीच, हुमायूं कबीर ने खुद रेजीनगर और नाओदा विधानसभा सीटों पर अपनी जीत का दावा किया, जहाँ वे फिलहाल आगे चल रहे थे। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में हुए विधानसभा चुनावों के वोटों की गिनती सोमवार सुबह 8 बजे शुरू हुई। सोमवार दोपहर 1:30 बजे तक चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, 291 सीटों पर भाजपा 194 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी, जबकि सत्तारूढ़ टीएमसी 92 सीटों पर आगे थी। ऑल इंडिया सेकुलर फ्रंट दो और माकपा एक सीट पर बढ़त पर थी, जबकि कांग्रेस राज्य में शून्य पर बनी हुई थी। आशीष दुबे / 04 मई 2026