राष्ट्रीय
04-May-2026


-भाजपा का पलटवार, इस तरह के शब्दों का प्रयोग हताशा को दिखाता श्रीनगर,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझान इस बार कई लोगों के लिए चौंकाने वाले साबित हो रहे हैं, जहां भारतीय जनता पार्टी ममता बनर्जी की 15 साल की सत्ता को चुनौती देकर बंगाल में सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। इन अप्रत्याशित नतीजों पर जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केवल दो शब्दों में अपनी हैरानी व्यक्त की: ब्लडी हेल! उन्होंने इसके साथ इसतरह की इमोजी का भी इस्तेमाल किया, जिससे रुझानों को देखकर उनकी आंखें फटी की फटी रह गई। उनके ट्वीट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपॉल शर्मा ने कड़ी आपत्ति जाहिर की है। उन्होंने कहा कि एक मुख्यमंत्री रह चुके नेता को सार्वजनिक मंच पर अपनी बात रखते समय मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। बीजेपी नेता शर्मा ने विशेष रूप से ब्लडी हेल जैसे शब्दों के इस्तेमाल को अनुचित बताकर हताशा का प्रतीक करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी हार के बावजूद ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं किया और सभी नेताओं से संयम बरतने की अपील की। चुनाव आयोग के रुझानों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की 293 सीटों में से भाजपा 187 सीटों पर आगे चल रही थी, जबकि तृणमूल कांग्रेस केवल 92 सीटों पर सिमटती दिख रही थी। यह पूर्वी राज्य में भाजपा के लिए पहली बार सरकार बनाने का ऐतिहासिक अवसर होगा। इसी बीच, तमिलनाडु में भी चुनावी नतीजे अप्रत्याशित रहे, जहां विजय की टीवीके ने उम्मीदों से कहीं बेहतर प्रदर्शन करते हुए 234 सीटों में से 110 सीटों पर बढ़त बनाई, जो बहुमत से सिर्फ आठ सीटें कम है। एआईएडीएमके 58 सीटों पर आगे रही, जबकि सत्ताधारी डीएमके को 48 और कांग्रेस को पांच सीटें मिलीं। आशीष दुबे / 04 मई 2026