राष्ट्रीय
04-May-2026


जालौन (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सोमवार सुबह अयोध्या से रामलला के दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हुपुर मोड़ के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। यह हादसा आज सुबह करीब छह बजे का है। ललितपुर के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी अपने परिवार के 10 सदस्यों के साथ कार से अयोध्या दर्शन करने गए थे। वापसी के दौरान जोल्हुपुर मोड़ के पास चालक की आंख लग गई और तेज रफ्तार कार सीधे आगे चल रहे वाहन में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो की जान अस्पताल में इलाज के दौरान चली गई। कार में सवार शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत, दीपक, हरिमोहन, भूषण, अंशुल, स्वामी प्रसाद, मनोज और देशराज समेत कुल 10 लोग इस हादसे का शिकार हुए। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों का उपचार जारी है। जितेन्द्र 04 मई 2026