-टीएमसी की हार पर नवनीत राणा का तीखा बयान नागपुर,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की हार को लेकर विभिन्न दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की पूर्व सांसद नवनीत राणा ने विवादित बयान देकर सियासी माहौल को और गरमा दिया है। नवनीत राणा ने कहा, कि जो हिंदू के विरोध में जाएगा, उसका इस देश में यही हश्र होगा। उनके इस बयान को सीधे तौर पर बंगाल की सत्तारूढ़ रही टीएमसी और उसकी नीतियों पर हमला माना जा रहा है। बंगाल के चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। नवनीत राणा ने कहा कि ममता बनर्जी अक्सर “खेला होवे” का नारा देती थीं, लेकिन अब “खेला खत्म” हो चुका है और जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया है। उन्होंने इसे अहंकार के अंत का संकेत बताते हुए दावा किया कि खासतौर पर महिलाओं ने टीएमसी के खिलाफ मतदान कर अपनी नाराजगी जाहिर की है। बांग्लादेशी बांध लें बोरिया-बिस्तर अपने बयान को आगे बढ़ाते हुए नवनीत राणा ने कहा कि देश में सनातन और हिंदू विरोध की राजनीति करने वालों को अब जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने एक विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा के मुख्यमंत्री बनने से पहले बांग्लादेशी अपना बोरिया-बिस्तर बांध लें। इस बयान ने राजनीतिक बहस को और तीखा बना दिया है। पीएम मोदी की सराहना इस दौरान राणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है और जनता का विश्वास उन पर कायम है। “मोदी है तो मुमकिन है” का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों के दिल से प्रधानमंत्री के लिए दुआ निकलती है। हिदायत/ईएमएस 04मई26