- जीआरपी ने बोतलों के साथ किया गिरफ्तार फिरोजाबाद(ईएमएस) रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान जीआरपी पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो ट्रेनों में कोच अटेंडर का काम करता था, लेकिन अवैध रूप से शराब की तस्करी में भी शामिल था। आरोपी हरियाणा से महंगे ब्रांड की अंग्रेजी शराब खरीदकर लाया था और उसे स्टेशन पर बेचने की फिराक में था। जीआरपी अनुभाग आगरा द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 3 मई 2026 को थाना जीआरपी फिरोजाबाद पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 12 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिन पर हरियाणा मार्का अंकित था। पूछताछ में आरोपी की पहचान दीपक शाह पुत्र द्वारिका शाह निवासी सामुख टोला, थाना सामुख टोला, जिला अलीपुरद्वार (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई उसकी उम्र लगभग 35 वर्ष बताई गई है।इन्स्पेक्टर जीआरपी शेर सिंह के अनुसार, आरोपी ट्रेनों में अटेंडर का काम करता है और इसी आड़ में अवैध शराब की सप्लाई करता था। इंस्पेक्टर जीआरपी शेर सिंह ने बताया कि आरोपी रेलवे स्टेशन पर शराब बेचने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। बरामद शराब विभिन्न महंगे ब्रांड की बताई जा रही है। इस मामले में थाना जीआरपी फिरोजाबाद में आबकारी अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है। रेलवे पुलिस के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर स्टेशनों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।आपको बता दें कि हरियाणा मार्का की शराब सस्ते दामों में मिलती है जो यूपी और बिहार में ऊंचे दामों में बिकती है,तस्कर इसी का फायदा उठाकर इस शराब की तस्करी करते है। ए. शर्मा फिरोजाबाद