क्षेत्रीय
04-May-2026
...


- पक्षियों के लिए संवेदनशीलता को बढा रहा अभियान - नागरिकों ने अलग अलग स्‍थानों पर सकोरे लगाकर की पक्षियों के दाने पानी की व्‍यवस्‍था नर्मदापुरम (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में जल संवर्धन एवं जल संरक्षण की दिशा में संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत नर्मदापुरम जिले में एक अभिनव पहल की गई है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशन में भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु “नीर पखेरू अभियान” का संचालन किया जा रहा है। “एक सकोरा पानी, पक्षियों की जिंदगानी” थीम पर आधारित यह अभियान जिले में वृहद स्तर पर संचालित हो रहा है और अब जन-जन का आंदोलन बनता जा रहा है। अभियान के माध्यम से पक्षियों के संरक्षण एवं उन्हें गर्मी के इस कठिन समय में भोजन एवं पानी उपलब्ध कराने की भावना घर-घर तक पहुंच रही है। अभियान में विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों, शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, विभिन्‍न कार्यालयों के साथ-साथ बच्चों एवं बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा उत्साहपूर्वक इस पहल में योगदान दिया जा रहा है। इसी क्रम में इटारसी में “नीर पखेरू अभियान” से प्रेरित होकर “अंबर सखा अभियान” का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत नगर के प्रसिद्ध स्वप्नेश्वरी हनुमान धाम मंदिर परिसर में पक्षियों के लिए सकोरे लगाए गए हैं। साथ ही ग्राम धुरपन स्थित सेवा भारती छात्रावास एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इटारसी शाखा में भी पक्षियों के लिए जल पात्र वितरित किए गए। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर पक्षियों के संरक्षण हेतु अपने घरों, आंगन, बगीचों, विद्यालयों एवं कार्यस्थलों पर पक्षियों के लिए पानी एवं भोजन की व्यवस्था करें, जिससे इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके, जिससे इस भीषण गर्मी में पक्षियों को राहत मिल सके। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 04 मई 2026