बूंदी(ईएमएस)। बूंदी जिले में कुत्तों ने 12 साल की बच्ची को नोच-नोचकर मार डाला। बच्ची घर से कुछ दूरी पर खेत में गई थी। मासूम की चीखने के आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तो कुत्ते बच्ची को नोच रहे थे। लोगों ने कुत्तों को भगाकर बच्ची को हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घटना तालेड़ा उपखंड क्षेत्र के अलकोदिया गांव की सोमवार सुबह 6 बजे की है। परिजनों ने बताया कि बच्ची के शरीर पर गहरे घाव हो गए थे। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। तब तक कुत्ते बच्ची को बुरी तरह नोच चुके थे। परिजन घायल रिंकू को तालेड़ा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर तालेड़ा थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। विनोद उपाध्याय / 04 मई, 2026