क्षेत्रीय
04-May-2026
...


- मंडला के देवगांव संगम में हुआ हादसा; मोहगांव थाने में था पदस्थ मंडला (ईएमएस)! जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र में सोमवार को एक पुलिस आरक्षक शिवलाल परस्ते की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा देवगांव स्थित नर्मदा और बुडनेर नदी के संगम पर हुआ, जहां आरक्षक अपने परिवार के साथ स्नान करने गए थे। अपनी बच्चियों को बचाने के प्रयास में वे गहरे पानी में डूब गए, हालांकि उनकी बच्चियों को सुरक्षित बचा लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक शिवलाल परस्ते पिछले लगभग 11 महीनों से मोहगांव थाने में पदस्थ थे। उनकी पत्नी बिछिया क्षेत्र में शिक्षिका हैं और बच्चे भी अपनी मां के साथ वहीं रहते थे। छुट्टियों के कारण पत्नी और बच्चे मोहगांव आए हुए थे। सोमवार को परिवार देवगांव संगम पर घूमने और स्नान करने गया था। बताया गया कि स्नान करते समय उनका बेटा अचानक गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए उनकी दो बेटियां भी पानी में उतरीं, लेकिन वे भी डूबने लगीं। यह देख आरक्षक शिवलाल तुरंत पानी में कूद पड़े। उन्होंने और वहां मौजूद अन्य लोगों ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन इसी दौरान शिवलाल खुद गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद आरक्षक का शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एक बच्ची की हालत खराब एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरक्षक शिवलाल परस्ते बच्चों की जान बचाते हुए गहरे पानी में डूब गए। उन्होंने यह भी बताया कि एक बच्ची की हालत थोड़ी खराब थी, लेकिन अब वह भी सुरक्षित है। मौके पर डीएसपी को भेजा गया है और तत्काल राहत के रूप में 50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। ईएमएस/मोहने/ 04 मई 2026