- वर्षाकालीन तैयारियों के अंतर्गत जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु निगम प्रशासन के प्रयास जारी कटनी (ईएमएस)। आगामी वर्षाकाल को दृष्टिगत रखते हुए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा समुचित जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शहरभर में नाले एवं नालियों की व्यापक साफ-सफाई का कार्य युद्धस्तर पर निरंतर कराया जा रहा है। स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि निगम का अमला दैनिक सफाई व्यवस्था के दौरान विभिन्न वार्डों में पहुंचकर प्रमुख नालों, नालियों एवं जल निकासी मार्गों से गाद, प्लास्टिक अपशिष्ट एवं अन्य अवरोधों को हटाने की कार्यवाही कर रहा है। इन स्थलों में चला विशेष अभियान सुचारू जल निकासी की व्यवस्था के मद्देनजर सोमवार को वार्ड क्रमांक 1 की गली नंबर 9, वार्ड क्रमांक 4 शिवनगर कालोनी, वार्ड क्रमांक 10 आदर्श कॉलोनी, शिवाजी वार्ड के विभिन्न स्थलों, वार्ड क्रमांक 19 जैन कालोनी एवं शिव मंदिर के पास, वार्ड क्रमांक 29 एल आई सी रोड मुख्य नाला, वार्ड क्रमांक 32 भट्टा मोहल्ला, खेरमाई मंदिर के पीछे, सुलभ के सामने, मुकेश कबाड़ी की दुकान से दुर्गा मंदिर रवि कोल के घर तक के अलावा वार्ड क्रमांक 38,39 सहित अन्य स्थलों में हाइड्रोलिक मशीन, जे सी बी तथा स्वच्छता निरीक्षकों के माध्यम से निर्धारित रूट बीट अनुसार विशेष सफाई अभियान चलाया गया। कंट्रोल रूम नंबर 14420 में दर्ज करा सकेंगे सूचना निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा नागरिकों की सुविधा एवं नगर की समुचित सफाई व्यवस्था हेतु निगम कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाकर टोल फ्री नंबर 18002330877 एवं 14420 जारी किया गया है। नागरिक गण इस टोल फ्री नंबर पर नाली सफाई संबंधी समस्या दर्ज कराकर शिकायतों का निराकरण करा सकते है। निगम प्रशासन द्वारा विशेष रूप से उन क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है जहां वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति निर्मित होने की संभावना रहती है। ऐसे संवेदनशील स्थलों पर प्राथमिकता के आधार पर सफाई कार्य संपादित कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू एवं प्रभावी बनाया जा रहा है। साथ ही साफ-सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वर्षाकाल प्रारंभ होने से पूर्व सभी प्रमुख नालों एवं नालियों की सफाई पूर्ण कर ली जाए तथा निकाले गए अपशिष्ट का त्वरित उठाव सुनिश्चित किया जाए। नगर निगम द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे नालियों एवं जल निकासी मार्गों में कचरा, प्लास्टिक अथवा अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें तथा शहर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। ईएमएस / 04/05/2026