- कमर्शियल गैस सिलेंडर मूल्य वृद्धि पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन इन्दौर (ईएमएस) गैस सिलेंडर पर प्रधानमंत्री का मुखौटा लगाकर उसे हार-फूल चढ़ा श्रद्धांजलि दे, दो मिनट का मौन रखकर शहर कांग्रेस कमेटी एवं मध्य प्रदेश राजीव विकास केंद्र के कार्यकर्ताओं ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरवटे बस स्टैंड पर किए इस अनोखे प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। प्रदर्शन करते शहर कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव एवं अलीम शेख ने आरोप लगाते कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में करीब 994 रुपए तक की वृद्धि से आम जनता, होटल-रेस्टोरेंट संचालकों और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। कांग्रेस ने मांग की कि गैस सिलेंडरों की कीमतों में की गई बढ़ोतरी तुरंत वापस ली जाए और पेट्रोलियम उत्पादों पर लगने वाले करों में कमी कर आम जनता को राहत दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय वापस नहीं लिया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान प्रदर्शन में अलीम शेख, राहुल धाकरे, पुखराज राठौर, गिरीश जोशी, सुनील यादव, संजय अरोरा, महमूद पठान, यशपाल गहलोत, मूलचंद राठौर, अख्तर जावेद, प्रतीक मित्तल, सावन सिलावट, गोविंद शर्मा, अशोक चौधरी, संजय शुक्ला, नितेश भारद्वाज, जौहर मानपुरवाला, महमूद पठान, राहुल धाकरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं होटल व्यवसायी मौजूद रहे। आनंद पुरोहित/ 04 मई 2026