श्योपुर ( ईएमएस ) | कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी सुश्री शीला दाहिमा एवं जिला पंचायत सीईओ तथा जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती सौम्या आनंद के निर्देशन में जनगणना 2027 अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रथम चरण के तहत किया जा रहा है। जिले में 1379 एचएलबी (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) बनाये गये है, जिनमें प्रगणकों द्वारा जनगणना का कार्य किया जा रहा है। जिला योजना कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के 7 प्रगणकों द्वारा 6 एचएलबी में प्रथम चरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिले की वीरपुर तहसील अंतर्गत एचएलबी सुमरेरा में प्रगणक बृजमोहन, एचएलबी रावतपुरा में श्री कृष्ण दिवाकर एवं तहसील श्योपुर अंतर्गत एचएलबी हासिलपुर में राम शंकर, एचएलबी नसीरपुरा में श्री सौरभ शर्मा एवं राजेंद्र, एचएलबी सेमल्दा में कुलदीप सिंह तथा कराहल की एचएलबी बसई में अशोक कुमार द्वारा सबसे पहले अपने कार्य को पूर्ण कर लिया गया है। प्रगणकों द्वारा शीघ्रता से और उच्च गुणवत्ता के साथ किए गए इस कार्य की जिला प्रशासन द्वारा प्रशंसा की गई है।