अंतर्राष्ट्रीय
04-May-2026


इस्लामाबाद (ईएमएस)। पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां चीन की एक प्रमुख कंपनी ने अचानक अपना कामकाज रोक दिया है और वहां तैनात अपने सभी कर्मचारियों को वापस बुला लिया है। इस घटनाक्रम को चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, ग्वादर में चल रही विकास परियोजनाओं से जुड़ी कंपनी ने सुरक्षा चिंताओं, बढ़ती स्थानीय असंतुष्टि और लगातार सामने आ रही चुनौतियों के बीच यह फैसला लिया है। कंपनी के दफ्तरों में कामकाज बंद कर दिया गया है और कई तकनीकी विशेषज्ञों सहित अन्य कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से वापस भेजा गया है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से ग्वादर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा हालात लगातार चुनौतीपूर्ण बने हुए थे। स्थानीय समूहों द्वारा विरोध प्रदर्शन, संसाधनों के बंटवारे को लेकर नाराजगी और विदेशी कंपनियों की सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है तो पाकिस्तान की महत्वाकांक्षी बंदरगाह और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की रफ्तार प्रभावित हो सकती है। साथ ही क्षेत्रीय व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी पर भी इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना का असर चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे पर भी पड़ सकता है। सुबोध/०५-०५-२०२६