काबुल (ईएमएस)। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में पाकिस्तान की ओर से किए गए कथित हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चौदह अन्य घायल बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद तालिबान प्रशासन ने पाकिस्तान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। तालिबान अधिकारियों के अनुसार कुनार के डांगम क्षेत्र में हुए इन हमलों में आम नागरिकों को निशाना बनाया गया। प्रशासन का दावा है कि हमले में दो विद्यालय, एक स्वास्थ्य केंद्र और दो मस्जिदें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इतना ही नहीं, बड़ी संख्या में पशुओं के मारे जाने की भी जानकारी सामने आई है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। तालिबान के स्थानीय प्रशासन ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान अब सीधे सैन्य मुकाबले में सफल नहीं हो पा रहा है, इसलिए नागरिक इलाकों और सार्वजनिक संस्थानों को निशाना बनाया जा रहा है। अफगान अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में कुनार क्षेत्र में कई शैक्षणिक संस्थान भी हमलों की चपेट में आए हैं। घटना के बाद अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने काबुल स्थित पाकिस्तानी प्रतिनिधियों को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। साथ ही सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि देश की संप्रभुता, नागरिकों और सीमाओं की रक्षा करना उसका अधिकार है और किसी भी उकसावे का जवाब दिया जाएगा। इस घटनाक्रम के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। सुबोध/०५-०५-२०२६