क्षेत्रीय
04-May-2026
...


- लंबे समय से योजना की प्रगति ठप 1500 से अधिक आवेदक अधर में देवरी/सागर (ईएमएस)। देवरी नगरीय क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का सर्वे कार्य लंबे समय बाद भी आरंभ न होने से नाराज आवेदकों ने मुख्य मार्ग से होकर जुलूस निकाला एवं मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम देवरी को ज्ञापन सौपा। प्रदर्शन में सैकड़ों नागरिक शामिल हुए जिसमें अधिकांश महिला आवेदक शामिल थी। देवरी नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डाे में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का सर्वे कार्य आरंभ न होने के कारण नागरिकों में भारी नाराजगी व्याप्त है। आवेदकों द्वारा विगत 1 वर्ष पूर्व ऑनलाइन फार्म जमा कराये जाने के बाद भी उन्हे योजना का लाभ नही मिल सका है। निकाय में लगभग 1500 आवेदकों द्वारा योजना अंतर्गत आवेदन किया गया है परंतु सर्वे कार्य के आभाव के चलते योजना की प्रगति ठप बनी हुई है। मामले को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन की अगुवाई में सैकड़ों आवेदकों ने नगरपालिका चौराहे से होकर कचहरी परिसर तक जुलूस निकालकर नारेबाजी की एवं मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम देवरी को ज्ञापन सौपा।ज्ञापन में कहा गया कि देश के प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी प्रधानमंत्री आवास योजना के दूसरे चरण में नगर के 1500 से अधिक आवाहीन आवेदकों द्वारा ऑनलाइन आवेदन जमा कराये गये थे, परंतु राजनैतिक गुटबाजी के चलते जानबूझकर योजना में अवरोध उत्पन्न किया जा रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश की अन्य नगरपालिकाओं में योजना के दूसरे चरण के हितग्राहियों को प्रथम किस्त का भुगतान उनके खातों में किया जा चुका है, परंतु देवरी नगरीय क्षेत्र में योजना के क्रियान्वयन को लेकर जिम्मेदार लापरवाह बने हुए है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि स्थानीय प्रशासन नगरपालिका में गुटबाजी बनाये रखने हेतु प्रत्यनशील है जो योजना की मंशा एवं क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करता है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि स्थानीय अधिकारी शासन प्रशासन को गुमराह करने के लिए चोरी छिपे सर्वे सूची तैयार कर खानापूर्ति कर रहे है जिसमें व्यापक भृष्टाचार की आशंका बनी हुई है। ज्ञापन में मांग की गई कि नगर के सभी 15 वार्डाे में योजना का सर्वे कार्य आरंभ कराकर आवासहीनों के खातों में राशि डाली जाये। ज्ञापन कार्यक्रम को त्रिवेन्द्र जाट, नर्मदा वाल्मीकी एवं अन्य वक्ताओं से संबोधित किया ज्ञापन का वाचन एडव्होकेट जगदीश सोनी ने किया। इस अवसर पर लगभग 800 से अधिक लोग उपस्थित थे। - दिसम्बर माह में पूर्व होना था सर्वे कार्य आवास योजना के दूसरे चरण 2.0 में योजना के सर्वे कार्य पूर्ण करने को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मध्यप्रदेश शासन द्वारा समय सारणी जारी कर 18 दिसम्बर 2025 तक योजना के आवेदकों के फार्माे की छंटनी एवं सर्वे कार्य पूर्ण कराये जाने संबंधी स्पष्ट निर्देश जारी किये गये थे। परंतु स्थानीय अधिकारियों द्वारा उक्त संबंध में कोई रूचि नही दिखाई गई। मामले को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा स्थानीय अधिकारियों एवं जिला अधिकारियों को भी पूर्व में पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। - प्रशासन ने दिया शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन मुख्यमंत्री के नाम सौपे गये ज्ञापन को प्राप्त कर नायब तहसीलदार रामराज चौधरी ने ज्ञापन को प्रदेश के मुख्यमंत्री महोदय तक पहुँचाये जाने एवं प्रशासन की ओर से नागरिकों की समस्या का समयसीमा में निराकरण का आश्वासन दिया गया। निखिल सोधिया/ईएमएस/04/05/2026