क्षेत्रीय
04-May-2026
...


नालंदा, (ईएमएस)। बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। बिहार पुलिस ने नालंदा जिले में कार्रवाई करते हुए नीट परीक्षा में सॉल्वर बैठाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 02 मई को नालंदा जिले के पावापुरी थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो और एक ब्रेजा कार को रोका। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 2.95 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। गाड़ी चला रहे व्यक्ति ने अपना नाम अवधेश कुमार (जिला मुजफ्फरपुर) बताया, जो एक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसके साथ बैठे व्यक्ति की पहचान अमन कुमार सिंह (जिला मोतिहारी) के रूप में हुई। पुलिस जांच में आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। मोबाइल में नीट, एईओ और बीएसएनएल परीक्षा के फर्जी एडमिट कार्ड, संदिग्ध चैट और पैसों के लेन-देन से जुड़े डिजिटल सबूत मिले। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका एक साथी उज्ज्वल उर्फ राजा बाबू नीट परीक्षा में “सॉल्वर” बैठाने का काम करता है। यानी असली परीक्षार्थी की जगह दूसरे व्यक्ति को परीक्षा दिलाने की साजिश रची जा रही थी। अब बिहार पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच तेज कर दी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के फर्जीवाड़े पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता बनी रहे। संतोष झा- ०४ मई/२०२६/ईएमएस