क्षेत्रीय
04-May-2026
...


- 7 दिन बहेगी मैया की महिमा की अमृत धार, दादागुरु के पावन सानिध्य में इंदौर होगा नर्मदा मय :: - अनूठी वृक्ष कलश यात्रा से होगा शुभारंभ; निराहार महाव्रत कर रहे महायोगी के दर्शन को उमड़ेंगे भक्त :: इंदौर (ईएमएस)। महाकाल और ओंकारेश्वर की पावन धरा के मध्य बसी अहिल्या नगरी में पहली बार माँ नर्मदा की महिमा का दिव्य संगम होने जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर के सत्संग भवन में मंगलवार, 5 मई से सात दिवसीय नर्मदा चिंतन ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ होगा। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ भी अनूठा होगा। इस ज्ञान यज्ञ की सबसे बड़ी विशेषता अखंड निराहार महाव्रत की कठोर साधना कर रहे महायोगी अवधूत श्री दादागुरु भगवान की उपस्थिति और उनका पावन सानिध्य होगा। आयोजन समिति के राजेंद्र बंसल और नित्यम बंसल ने बताया कि कथा का शुभारंभ मंगलवार शाम 4 बजे मंदिर परिसर में निकलने वाली भव्य वृक्ष कलश यात्रा के साथ होगा। इस यात्रा में 501 मातृशक्ति अपने सिर पर मंगल कलश धारण करेंगी, जिसमें नर्मदा जल के साथ एक-एक पौधा भी होगा। ये पौधे सातों दिन कथा स्थल पर अभिमंत्रित किए जाएंगे और अंतिम दिन भक्तों को प्रसाद स्वरूप भेंट किए जाएंगे। माँ नर्मदा की लीलाओं का रसपान परिक्रमावासी आचार्य रविकांत शास्त्री कराएंगे। :: साधना के 2027 दिन और नर्मदा मिशन :: अवधूत श्री दादागुरु भगवान संभवतः देश के पहले ऐसे संत हैं, जो पिछले 2000 से अधिक दिनों से केवल नर्मदा जल का पान कर अखंड निराहार तपस्या कर रहे हैं। संयोग से मंगलवार को उनकी इस कठिन साधना के 2027 दिन पूर्ण हो रहे हैं। उनके नर्मदा मिशन से प्रभावित होकर हजारों युवा व्यसन छोड़कर सेवा पथ पर अग्रसर हुए हैं। उनकी इसी तपस्या का प्रभाव है कि उनके शिष्यों में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित कई दिग्गज शामिल हैं। मंगलवार को वृक्ष कलश यात्रा के साथ शुरू होने वाले इस ज्ञान यज्ञ में बुधवार, 6 मई को माँ नर्मदा के महात्म्य का वर्णन होगा। गुरुवार को माँ भगवती नर्मदा का प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा, वहीं शुक्रवार को अनेक कल्पों में मैया द्वारा रची गई लीलाओं का व्याख्यान होगा। शनिवार को नर्मदा परिक्रमा की महिमा और रविवार को माँ के तट पर स्थित पावन तीर्थों का वर्णन सुनाया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दिन, सोमवार 11 मई को अवधूत श्री दादागुरु भगवान के दिव्य आशीर्वचन और दर्शन के पश्चात विशाल महाप्रसादी के साथ इस अनुष्ठान का समापन होगा। अखिल भारतीय दादागुरु परिवार इंदौर नर्मदा मिशन द्वारा आयोजित इस अनुष्ठान में देशभर से संत-महात्मा और नर्मदा भक्त शामिल होने इंदौर पहुँच रहे हैं। प्रतिदिन शाम 5 से 8 बजे तक होने वाले इस आयोजन के लिए भव्य तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रकाश/04 मई २०२६ संलग्न चित्र : 1. अवधूत श्री दादागुरु भगवान, 2. कथा व्यास आचार्य पं. रविकांत शास्त्री।