क्षेत्रीय
04-May-2026
...


- सजी ऐतिहासिक धरोहरों की प्रदर्शनी, ओरछा और मुंबई के दुर्लभ संकलनों ने मोहा मन :: इंदौर (ईएमएस)। डाक टिकटों और दुर्लभ मुद्राओं के शौकीनों की प्रमुख संस्था इंदौर फिलेटेलिक एवं इंदौर न्यूमिस्मेटिक सोसायटी की संयुक्त मासिक सभा सोमवार को रीगल चौराहा स्थित कॉफी हाउस पर उत्साहपूर्वक संपन्न हुई। इस अवसर पर बेंगलुरु और पुणे से आए मेहमान विशेषज्ञों का सम्मान किया गया और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण हेतु विशेष कैंप लगाने का संकल्प लिया गया। सभा की मुख्य अतिथि बेंगलुरु से आईं श्रीमती रीना श्रीवास्तव थीं। कार्यक्रम के दौरान मुद्रा शास्त्र (न्यूमिस्मेटिक्स) के क्षेत्र में विशिष्ट सेवाओं के लिए गिरीश शर्मा आदित्य को संस्था के 39वें जीवन गौरव सम्मान से अलंकृत किया गया। इनके साथ ही बेंगलुरु की सुश्री नव्या श्रीवास्तव और पुणे के हर्षवर्धन लाड का भी विशेष अभिनंदन किया गया। सभा की शुरुआत में नरेन्द्र अग्रवाल ने विधिवत घोषणा की और रवीन्द्र व्यास ने सभी के उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना की। :: दुर्लभ संकलनों ने मोहा मन :: प्रदर्शनी के दौरान ज्ञान और अनुभव का अनूठा आदान-प्रदान देखने को मिला। वरिष्ठ सदस्य लक्ष्मीकांत जैन ने ओरछा रियासत के अपने दुर्लभ संकलन का प्रदर्शन कर सदस्यों को रियासती काल के सिक्कों और इतिहास की जानकारी दी। वहीं, सुरेश भागचंदानी ने मुंबई मेरी जान थीम पर आधारित डाक टिकटों और सिक्कों के माध्यम से मायानगरी के क्रमिक विकास को जीवंत किया। :: नई पीढ़ी को जोड़ने का संकल्प :: सोसायटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश शाह ने सभा का सफल संचालन किया, जबकि स्वागत उद्बोधन जयंत डोसी ने दिया। सभा को संबोधित करते हुए विराज भार्गव ने भविष्य में नई पीढ़ी को इस रचनात्मक शौक से जोड़ने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण कैंप लगाने का प्रस्ताव रखा। इस अवसर पर प्रो. शिवम चतुर्वेदी, मेजर डॉ. महेश कुमार गुप्ता, राजेंद्र अग्रवाल सहित अनेक प्रबुद्ध सदस्य उपस्थित थे। सदस्यों को जयंत डोसी, डॉ. मुकेश पाटीदार एवं कन्हैयालाल ठक्कर द्वारा स्मृति उपहार भेंट किए गए। प्रकाश/04 मई 2026