शाजापुर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के हाईवे पर अब बॉलीवुड फिल्मों जैसे एक्शन और अपराध हकीकत बनते नजर आ रहे हैं। शुजालपुर-आष्टा नेशनल हाईवे पर लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने दिनदहाड़े एक तेज रफ्तार ट्रक को अपना निशाना बनाया। बिना किसी खौफ के, चलती बाइक से ट्रक पर चढ़कर सामान लूटने का यह दुस्साहसिक वाकया न सिर्फ लोगों को हैरान कर रहा है, बल्कि हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। इस पूरी वारदात का लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।यह सनसनीखेज घटना सोमवार दोपहर करीब 12.30 बजे ग्राम तिलावद और मैना के बीच नेशनल हाईवे की बताई जा रही है। दो बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलों पर चार नकाबपोश बदमाश सवार होकर आए। उन्होंने एक तेज रफ्तार ट्रक का पीछा किया। इसी दौरान एक बदमाश चलती बाइक से ही छलांग लगाकर ट्रक के पिछले हिस्से पर चढ़ गया। ट्रक पर चढ़ने के बाद बदमाश ने फुर्ती से रस्सी काटी और तिरपाल हटा दिया। सिर्फ दो मिनट के अंदर उसने ट्रक में रखे दो बड़े बॉक्स नीचे सड़क पर फेंक दिए और फिर खुद भी ट्रक से नीचे कूदकर अपने साथियों के साथ फरार हो गया। हथियार के दम पर फैलाई दहशत जिस समय यह खौफनाक लूट हो रही थी, पीछे चल रहे अन्य वाहन चालकों ने हिम्मत दिखाते हुए इसे अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। वीडियो बनाने वाले शुजालपुर निवासी युवक के अनुसार बदमाशों के हाथों में घातक हथियार थे। वे पीछे से आ रहे लोगों को हथियार दिखाकर डरा रहे थे ताकि कोई उनके करीब आने या उन्हें रोकने की कोशिश न करे। इस पूरे मामले का सबसे हैरान करने वाला पहलू स्थानीय पुलिस की अनभिज्ञता है। हाईवे पर दिन के उजाले में हथियारों के दम पर इतनी बड़ी लूट हो गई, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने इस तरह की किसी भी वारदात की सूचना या शिकायत मिलने से साफ इनकार किया है। ईएमएस / 04/05/2026