- मंडी में प्रदर्शन, एफआईआर की मांग जबलपुर (ईएमएस)। विगत दिनों जबलपुर कृषि उपज मंडी में अपनी उपज गेहूं का विक्रय करने हेतु लेकर पहुंचे किसान के साथ एक व्यापारी द्वारा की गई अभद्रता व गालीगलौंच का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। किसान के साथ मंडी में हुई अभद्रता से जिले भर के किसानों में भारी नाराजगी है। सोमवार को भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने कृषि उपज मंडी पहुंचकर जमकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी व उग्र प्रदर्शन कर अपनी मांगो का ज्ञापन एसडीएम अभिषेक सिंह को सौंपा। किसान संघ के जिलाध्यक्ष रामदास पटेल ने जानकारी देते हुए बताया बताया कि मंझोली तहसील के किसान शिवकुमार झारिया, राजकुमार पटेल व पवन 29 अप्रैल को मंडी अपना गेहूं लेकर विक्रय करने आए थे। व्यापारी द्वारा बोली लगाकर गेहूं खरीदा गया और जब किसान ने व्यापारी शिव शक्ति ट्रेडर्स के फड़ पर गेहूं उड़ेल दिया तो उसके बाद व्यापारी ने गेहूं में मिट्टी, कंकड़ आदि बताकर खरीदने से मना कर दिया और किसान के साथ अभद्र व्यवहार किया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ। जिसकी शिकायत भारतीय किसान संघ ने मंडी प्रशासन से की। श्री पटेल ने बताया कि मंडी प्रशासन से मांग की गई थी कि उस व्यापारी का तत्काल मंडी लाइसेंस निरस्त किया जाए। लेकिन मंडी प्रशासन ने कार्यवाही नहीं की। थाने में किसान की नहीं लिखी शिकायत ..... जिला मंत्री धनंजय पटेल ने बताया कि पीड़ित किसान जब अपने साथ हुई अभद्रता व गाली गलौंच की शिकायत करने विजयनगर थाना गया तो थाने में मौजूद पुलिस स्टाफ ने किसान की शिकायत लेने से मना कर दिया। श्री पटेल ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि एक तरफ प्रदेश सरकार जहां किसान कृषि वर्ष मना रही है और किसान हितैषी योजनाएं बना रही हैं। वहीं दूसरी ओर मंडी प्रशासन व पुलिस प्रशासन की दृष्टि में किसान का कोई सम्मान नहीं है। किसान की शिकायत तक थाने में दर्ज नहीं हो रही है और उल्टे धमकाया जा रहा है। किसान संघ के प्रांत उपाध्यक्ष मोहन तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मंडी प्रशासन ने तत्काल किसान के साथ अभद्रता करने वाले व्यापारी व उसके कर्मचारी पर कार्यवाही और थाने में एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी तो भारतीय किसान संघ किसान के सम्मान में जिला मुख्यालय पर उग्र प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। इस अवसर पर किसान संघ के प्रांत उपाध्यक्ष मोहन तिवारी, जिलाध्यक्ष रामदास पटेल, जिला मंत्री धनंजय पटेल, महानगर अध्यक्ष राजकुमार पटेल, पनागर तहसील अध्यक्ष जितेंद्र पटेल, पाटन तहसील अध्यक्ष मुकुल पचौरी, मंत्री रितेश पटेल, शहपुरा तहसील अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, मंत्री धरम पटेल, जिला प्रचार प्रमुख भरत पटेल, जिला उपाध्यक्ष सुरेश पटेल सिहोरा, रामकृष्ण सोनी, मंझोली तहसील अध्यक्ष वीरेंद्र पटेल, मंत्री रंजीत पटेल, अटल पटेल, प्रेमचंद कुर्मी सहित सैकड़ों की संख्या में किसानों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। सुनील साहू / मोनिका / 04 मई 2026/ 06.26